गौशालाओं की व्यवस्थाओं पर सख्त हुए डीएम
गोवंशों के बेहतर रख-रखाव के दिए निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद की निराश्रित गोवंश संरक्षण केंद्रों (गौशालाओं) की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गोवंशों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने गौशालाओं में हरे चारे, भूसे, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, पशु चिकित्सा सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी गौशालाओं में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरे चारे की नियमित एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा वर्षा सहित अन्य परिस्थितियों को देखते हुए अग्रिम व्यवस्था भी की जाए।
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि सभी गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। बीमार एवं कमजोर गोवंशों के लिए विशेष पोषण और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और शेड की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गौशालाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और कहीं भी लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

