गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 से अधिक यात्री घायल

वाराणसी से दिल्ली जा रही बस हादसे का शिकार, कई गंभीर; एक युवक का पैर कटा

*

rajeshswari

बदायूं (जनवार्ता)। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना वजीरगंज क्षेत्र के नौली हरनाथपुर गांव के पास वाराणसी से दिल्ली जा रही सवारियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची वजीरगंज पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।


हादसे में एक युवक का पैर कट गया, जबकि दूसरे युवक के पैर का पंजा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। बस का कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। गंभीर घायलों में उत्तराखंड निवासी तजवर सिंह (30), प्रयागराज निवासी समर (9), अली अहमद (35) और अभिषेक (15) सहित अन्य यात्री शामिल हैं।


अन्य घायलों में दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, हरदोई और आजमगढ़ के यात्री शामिल हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्य भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।


पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण बस पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं, सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

इसे भी पढ़े   राम मंदिर चंदा मामले को लेकर आप का भिक्षाटन प्रदर्शन, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *