दीनदयाल अस्पताल में नशे में हंगामा, होमगार्ड हिरासत में
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट थाना क्षेत्र स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल परिसर में मंगलवार को एक होमगार्ड द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि होमगार्ड सुनील पटेल ने पहले अर्दली बाजार चौकी क्षेत्र में नशे की हालत में उत्पात मचाया। इसके बाद वह दीनदयाल अस्पताल पहुंचा, जहां उसने अस्पताल परिसर में भी हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान उसने मारपीट भी की, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह शांत नहीं हुआ। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में लिया और अस्पताल परिसर के भीतर ले जाकर स्थिति को नियंत्रित किया। हिरासत में लिए जाने के दौरान वह “पहली बार तेरे मंदिर में आया हूं” गीत गाता नजर आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34 के तहत चालान कर सख्त चेतावनी दी। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा। मरीजों और उनके परिजनों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। वर्दीधारी कर्मी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत को लेकर लोगों में चर्चा रही। घटना ने सुरक्षा बलों में अनुशासन और जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

