सत्याग्रह का असर: राजातालाब रथयात्रा मार्ग में शुरू हुई नालियों की सफाई
जलभराव की समस्या से लोगों को जल्द मिलेगी राहत
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के राजातालाब इलाके में लंबे समय से जलभराव और उफनती नालियों से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। क्षेत्र के रथयात्रा मार्ग पर नालियों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।


बताया जाता है कि कचनार और रानी बाजार गांव के रथयात्रा मार्ग में वर्षों से नालियों की सफाई नहीं हुई थी। नाले और नालियां कूड़े से पट जाने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता था, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या को लेकर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार गुप्ता ने दो दिन पूर्व सड़क पर बह रहे सीवर के पानी में अर्धनग्न होकर सत्याग्रह किया था। मामले को मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और आराजीलाइन विकास खंड की ओर से नालियों की सफाई तथा गाद निकालने का कार्य शुरू करा दिया गया।
राजकुमार गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। अब सफाई कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। क्षेत्रीय नागरिकों ने समस्या को अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए राजकुमार गुप्ता के प्रयासों की सराहना की है।

