नगर निगम : हाउस टैक्स पर छूट, दिव्यांगों को राहत, वरुणा रिवर फ्रंट को मंजूरी
वाराणसी (जनवार्ता) । नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में शहर के लाखों नागरिकों को बड़ी राहत देने वाले कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में गृहकर, जलकर और सीवर कर पर छूट, दिव्यांगों के लिए कर माफी और शहर के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

सबसे अहम निर्णय के तहत 15 जुलाई तक टैक्स जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जबकि ऑनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को 12 प्रतिशत की विशेष छूट मिलेगी। यह सुविधा शहर के करीब 2.33 लाख भवन स्वामियों को लाभ पहुंचाएगी। साथ ही दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले लोगों का गृहकर, जलकर और सीवर कर पूरी तरह माफ करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। पहले से टैक्स जमा कर चुके लोगों की छूट राशि अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित की जाएगी।
बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए रक्षा संपदा और रेलवे विभाग से जमीन लेने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके बदले नगर निगम अपनी समकक्ष मूल्य की जमीन इन विभागों को देगा। लहरतारा क्षेत्र में पोर्टेबल कंपेक्टर ट्रांसफर स्टेशन (PCTS) स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।
वरुणा नदी के प्रदूषण को रोकने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए “वरुणा रिवर फ्रंट” परियोजना को शासन से हरी झंडी मिलने की जानकारी दी गई। इस परियोजना के तहत 48 नालों को टैप किया जाएगा, जिससे नदी में सीधे मलजल गिरने पर रोक लगेगी। करीब डेढ़ वर्ष में पूरा होने वाला यह प्रोजेक्ट नदी के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आगामी पंचक्रोशी यात्रा को देखते हुए मार्गों की मरम्मत, पेयजल, प्रकाश, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के सभी यूरिनल्स को निशुल्क करने और वहां हिंदी व अंग्रेजी में रेट बोर्ड लगाने का भी फैसला लिया गया।
शहरी व्यवस्था सुधारने के तहत सिगरा क्षेत्र में भारत सेवाश्रम से सुलभ शौचालय तक ‘फल बाजार’ विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क किनारे लगने वाले ठेले-गुमटियों को व्यवस्थित किया जा सके। इसके अलावा कच्चे नालों को पक्का करने, बंद पड़े फव्वारों को चालू करने और वार्डों में हुए विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उपसभापति, पार्षदगण और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

