बेनीपुर में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात, स्कूली बच्चों का आवागमन ठप
वाराणसी (जनवार्ता)। विकासखंड आराजी लाइन के ग्राम सभा बेनीपुर में लगातार जलभराव के कारण मुख्य मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई दिनों से सड़क पर पानी भरा होने से ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है, क्योंकि प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाईस्कूल और इंटर कॉलेज तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न है।


ग्रामीणों का कहना है कि सड़क तालाब का रूप ले चुकी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं राहगीरों को भी घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के बीच स्थित ग्राम सभा के तालाब पर हुए अतिक्रमण के कारण जल निकासी का प्राकृतिक मार्ग बंद हो गया है। इसी वजह से बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा और पूरे क्षेत्र में जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
लोगों का कहना है कि यदि जल्द जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो पानी घरों में घुस सकता है, जिससे स्थिति और भी विकट हो जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब पर हुए अतिक्रमण को हटवाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिले और विद्यालयों का आवागमन सामान्य हो सके।
वहीं ग्राम प्रधान शिवपूजन पटेल ‘उमेश’ ने बताया कि मुख्य सड़क पर जमा पानी की निकासी के लिए जल्द ही इंजन लगाकर जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

