नरोत्तमपुर में घर से 22 लाख के जेवर और दो लाख रुपये नकद चोरी
परिजनों ने स्थानीय नशेड़ियों पर जताया शक, पुलिस ने शुरू की जांच
वाराणसी (जनवार्ता)। लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 22 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार के सदस्य सूरज सिंह के मुताबिक शुक्रवार की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। देर रात करीब चार बजे छोटे बच्चे के जागने पर परिवार के लोग उठे तो प्रथम तल पर स्थित कमरे का दरवाजा खुला मिला। कमरे में रखे दीवान बेड का एक पल्ला हटाकर चोर उसमें रखे दो लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।
परिवार के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का हार, कंगन, चार सेट कान के झुमके, पायल, महिलाओं की चार अंगूठियां, चांदी की करधनी समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। पीड़ितों ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई है।
घटना के बाद परिजनों ने लंका थाने में तहरीर दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
सूरज सिंह ने बताया कि इलाके में रात के समय कुछ असामाजिक तत्व शराब पीकर हंगामा करने के साथ संदिग्ध गतिविधियां करते हैं। परिजनों ने पुलिस से ऐसे लोगों को चिन्हित कर पूछताछ करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी है।

