बकरीद से पहले कोटवा में पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से रखी गई नजर
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के लोहता थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटवा गांव में बकरीद पर्व को लेकर बुधवार शाम पुलिस ने अति संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान ड्रोन कैमरे से पूरे क्षेत्र की निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।


एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में थानाध्यक्ष लोहता दिगम्बर उपाध्याय एवं कोटवा चौकी प्रभारी ऋतुराज मिश्रा ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने संवेदनशील स्थलों और गलियों में विशेष निगरानी रखी। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा किसी भी तरह की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि बकरीद को लेकर क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई गई है। ड्रोन कैमरों की मदद से संवेदनशील इलाकों की मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

