स्मार्ट मीटर से जनता को लूटने के विरोध में सपा महिला सभा का एमडी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
वाराणसी (जनवार्ता)। विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाकर उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली और लूट किए जाने के आरोप में समाजवादी पार्टी महिला सभा ने सोमवार को पूर्वांचल विद्युत निगम लिमिटेड के एमडी कार्यालय, भिखारीपुर पर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने एमडी कार्यालय पहुंचकर चीफ श्री राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपा और स्मार्ट मीटर तत्काल हटाने तथा जनता से वसूली गई राशि वापस करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व 390 कैंट विधानसभा प्रभारी श्रीमती रीबू श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष महिला सभा संगीता पटेल और जिला अध्यक्ष शशि यादव ने किया।
रीबू श्रीवास्तव ने कहा, “केंद्र सरकार ने स्मार्ट मीटर खरीद के लिए 18,885 करोड़ रुपये निर्धारित किए थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने 27,342 करोड़ रुपये का टेंडर निकालकर जनता पर लगभग 9,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ क्यों डाला? यह जनता की सरकार है या अडानी-अंबानी की?”
महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल ने कहा, “लाल आंख दिखाने वाले चीन के स्मार्ट मीटर से जनता का खून चूसा जा रहा है। भाजपा का स्मार्ट मीटर पीटी उषा से भी तेज भाग रहा है। मुख्यमंत्री जी से पूछना चाहती हूं कि स्मार्ट मीटर लगाने वाले क्या देश के कानून से ऊपर हैं? केंद्रीय मंत्री और सर्वोच्च न्यायालय दोनों कह चुके हैं कि बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जा सकते, फिर किसके आदेश पर लगाए गए?”
उन्होंने आगे कहा कि गरीबों को मनरेगा में 100 दिन का रोजगार भी नहीं मिल रहा, लेकिन उनसे पहले रिचार्ज करने को कहा जा रहा है। “महाराष्ट्र में 2,600 रुपये और राजस्थान में 2,500 रुपये में स्मार्ट मीटर दिए गए, लेकिन राम राज्य की सरकार में 6,016 रुपये वसूले जा रहे हैं। यह स्मार्ट मीटर नहीं, भाजपा की लूट मशीन है,” उन्होंने आरोप लगाया।
प्रदर्शन में मनीष यादव, पार्वती कन्नौजिया, प्रियांशु यादव, रीना यादव, यासमीन खान, पायल जैसवाल, निशा शर्मा, मीरा मिश्रा, सीमा गुप्ता, प्रमिला यादव, मंजू देवी, सुशील विश्वकर्मा, संजय यादव, राजेश यादव, राजू साहनी, कासिम, विजय जायसवाल, कमलेश यादव, रितिका सेठ, अमिता पटेल, रानी पटेल, संगीता शर्मा, शैलेंद्र कुमार, मनोज चौरसिया सहित बड़ी संख्या में महिला सभा कार्यकर्ता शामिल रहे।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने ज्ञापन ले लिया है और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

