गुरुग्राम में सड़क हादसे का कहर, पटवारी समेत तीन लोगों की गई जान
गुरुग्राम, (जनवार्ता)। दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। बिलासपुर थाना क्षेत्र के पचगांव-जमालपुर मार्ग पर कार और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीनों लोग वाहन के भीतर ही फंस गए। मृतकों में एचएसआईआईडीसी के एक पटवारी और सेना से सेवानिवृत्त कर्मी भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पुखरपुर गांव निवासी कुलदीप (40), नवल सिंह (68) और समय सिंह (70) के रूप में हुई है। कुलदीप एचएसआईआईडीसी में पटवारी के पद पर तैनात थे, जबकि नवल सिंह सेना से रिटायर थे। समय सिंह खेती-किसानी का काम करते थे।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर तीनों किसी काम से जमालपुर गए थे। देर शाम वे कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मोकलवास गांव के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय कुलदीप वाहन चला रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद तीनों को कार से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक दमन और दीव में पंजीकृत है और माल लेकर बिलासपुर की ओर जा रहा था। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

