एकनाथ शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए काशी में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू
वाराणसी (जनवार्ता) । महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं एकनाथ शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर काशी के विभिन्न मंदिरों में रविवार से दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजा-अर्चना के माध्यम से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की गई।

आदिनाथ संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगतगुरु कल्किराम महाराज की प्रेरणा से नासिक जिला शिवसेना संगठन प्रमुख योगेश लक्ष्मण मस्के ने इस धार्मिक अनुष्ठान का संकल्प लिया।
काशी के प्रसिद्ध चिंतामणि गणेश मंदिर में महंत चेल्ला सुब्बा राव ने गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। वहीं वैदिक विद्वान चंद्रशेखर घनपाठी ने दीर्घायु संबंधी वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु का आशीर्वाद दिया।
इसके अलावा महामृत्युंजय मंदिर में सुप्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य एवं कथा वाचक पंडित प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में 11 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा सवा लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया गया। इस दौरान भगवान शिव से श्री शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु की कामना की गई।
समस्त धार्मिक अनुष्ठानों का संयोजन चक्रवर्ती विजय नावड ने किया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि बाबा विश्वनाथ और भगवान महादेव की कृपा से श्री शिंदे शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होंगे।

