मोहनसराय हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, भाई घायल
वाराणसी (जनवार्ता) । रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय चौराहा स्थित हाईवे ओवरब्रिज के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के निहोर निवासी 40 वर्षीय बेबी सरोज अपने भाई कैलाश सरोज (निवासी जेठूपुर, थाना औराई) के साथ भदवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी मां को देखने गई थीं। वहां से लौटते समय दोपहर करीब 12 बजे मोहनसराय हाईवे ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन महिला को कुचलते हुए राजातालाब की ओर फरार हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल कैलाश सरोज को पुलिस ने तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही मोहनसराय चौकी प्रभारी अमीर बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
बताया जाता है कि मृतका के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

