स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में नजर आए नौनिहाल
मण्डुवाडीह प्राथमिक विद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ के तहत निबंध और वेशभूषा प्रतियोगिता संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता) । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय मण्डुवाडीह, काशी विद्यापीठ में बुधवार को निबंध लेखन एवं वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया।

वेशभूषा प्रतियोगिता में बच्चे महात्मा गांधी, भगत सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और मंगल पांडेय समेत कई स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने सेनानियों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से जुड़े संवाद प्रस्तुत किए। ‘करो या मरो’ और ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ जैसे नारों से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’, ‘मेरा तिरंगा मेरी शान’ और ‘स्वतंत्रता संग्राम’ जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान की जानकारी दी गई।
विद्यालय परिवार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में देशभक्ति, रचनात्मकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

