सहयोग राशि मांगने पहुंचे युवक ने कंपोजिट विद्यालय में किया हंगामा
पुलिस ने लिया हिरासत में
वाराणसी (जनवार्ता)। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर पुलिस चौकी के समीप स्थित पिसनहरिया कंपोजिट विद्यालय में गुरुवार दोपहर सहयोग राशि मांगने पहुंचे एक युवक ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवक ने प्रधानाचार्य और महिला शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया, जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे सहम गए।


घटना की सूचना मिलते ही पांडेयपुर पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर विद्यालय से एक कर्मचारी पांडेयपुर पुलिस चौकी पहुंचा और बताया कि एक युवक सहयोग राशि के नाम पर प्रधानाचार्य से पैसे मांग रहा है तथा शिक्षकों के साथ गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी तत्काल विद्यालय पहुंचे और युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम पंकज बाबा बताया। उसका कहना है कि वह दिव्यांगों के हित में कार्य करने वाली एक संस्था का पदाधिकारी है और सहयोग राशि मांगने विद्यालय आया था।
वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेंद्र मौर्य ने आरोप लगाया कि संबंधित युवक मनबढ़ प्रवृत्ति का है। उनका कहना है कि वह कभी स्वयं को शिवसेना का नेता तो कभी दिव्यांग कल्याण संस्था का पदाधिकारी बताता है। प्रधानाचार्य के अनुसार, वह पहले भी विद्यालय में सहयोग राशि के नाम पर आ चुका है और रंगदारी जैसी मांग करने का प्रयास कर चुका है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

