गोरखपुर : नाबालिग पर बड़े भाई, भाभी और मासूम भतीजे की हत्या का आरोप
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
गोरखपुर (जनवार्ता)। जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सोमवार तड़के हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय एक किशोर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को घर की ऊपरी मंजिल से हिरासत में ले लिया।

मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय पुत्र रेयांश गुप्ता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब तीन बजे आरोपी अपने बड़े भाई के कमरे में पहुंचा और सो रहे तीनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय कमरे में मौजूद नौ वर्षीय बच्ची ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लिया और हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। मृतक के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि परिवार की दुकान को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका यह भी आरोप है कि आरोपी कुछ समय पहले व्यवसाय शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था, जिसे लेकर परिवार में विवाद हुआ था।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

