बढ़ते जलस्तर से मणिकर्णिका घाट प्रभावित, ऊंचे स्थान पर होने लगा अंतिम संस्कार
वाराणसी (जनवार्ता)। लगातार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से मणिकर्णिका घाट का निचला हिस्सा जलमग्न हो गया है। शवदाह स्थल तक पानी पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार अब घाट के ऊंचे हिस्से पर कराया जा रहा है, जिससे कई परिवारों को इंतजार करना पड़ रहा है।

बढ़ते जलस्तर के चलते रत्नेश्वर महादेव मंदिर, बालाजी घाट स्थित राघवेश्वर महादेव मंदिर समेत कई छोटे-बड़े मंदिर भी जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ के कारण कई घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो अगले सप्ताह अंतिम संस्कार की व्यवस्था गलियों की ओर स्थानांतरित करनी पड़ सकती है। साथ ही गंगा आरती के स्थल में भी बदलाव संभव है। लोगों से अनावश्यक रूप से घाटों पर न जाने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

