जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं
अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। कलेक्ट्रेट में गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार झा ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे।

जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।
जनता दर्शन के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

