एक ही रात में दो घरों में लाखों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत

एक ही रात में दो घरों में लाखों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत

वाराणसी (जनवार्ता)। कपसेठी थाना क्षेत्र के लोहराडीह गांव में सोमवार रात चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। एक ही रात में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

rajeshswari

पहली घटना लोहराडीह के पूरापर बस्ती की है। यहां विशाल सिंह के घर में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और आलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, रात में सभी लोग कमरे में सो रहे थे। सुबह उठने पर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया तो घर के अन्य कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने उनके बाहर रहने वाले दोनों बड़े भाइयों के कमरों को भी खंगाल डाला।

दूसरी वारदात गांव की यादव बस्ती में हुई। यहां राजन राय के घर चोर छत के रास्ते घर में घुसे। उस समय परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे। चोरों ने कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठियां, नथुने के किल, झुमके, चांदी की चेन, कड़ा, लच्छे और पायल शामिल हैं।

एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की गश्त प्रभावी नहीं है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि नियमित रात्रि गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते।

इसे भी पढ़े   चंदौली :  दीवार से टकराई बाइक

सूचना मिलने पर कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान राजन राय के घर के पास से आभूषण रखने वाले कुछ पर्स भी बरामद हुए हैं।

दोनों पीड़ित परिवारों ने थाना कपसेठी में लिखित तहरीर दी है। थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य ने बताया कि दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हालांकि, एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *