छात्राओं पर फब्तियां कसने और अशोभनीय इशारे करने वाले तीन गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) । महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत फूलपुर थाना पुलिस ने छात्राओं और युवतियों से अभद्र टिप्पणी करने तथा अशोभनीय इशारे करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में भ्रमण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि देवमूर्ति शर्मा इंटर कॉलेज, बहृद ग्राम दबेथुआ के पास तीन युवक आने-जाने वाली छात्राओं और युवतियों पर अशोभनीय इशारे कर रहे हैं तथा अभद्र टिप्पणियां कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोनू गौतम (23), हर्ष गौतम (24) और गोविन्द गौतम (21) के रूप में हुई। तीनों जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने मामले में थाना फूलपुर में बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज कर तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक अनुराधा मौर्या, एंटी रोमियो प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द यादव, महिला कांस्टेबल इन्द्रकला और रिजर्व महिला कांस्टेबल अनीता देवी शामिल रहीं।

